NEET UG काउंसलिंग में बड़े बदलाव, मेडिकल छात्रों को मिली बड़ी राहत

  • Post By Admin on Jul 31 2026
NEET UG काउंसलिंग में बड़े बदलाव, मेडिकल छात्रों को मिली बड़ी राहत

नई दिल्ली: मेडिकल काउंसलिंग कमिटी (एमसीसी) ने नीट यूजी 2026 काउंसलिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और छात्र हितैषी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत लागू किए गए इन सुधारों से अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान अनावश्यक दौड़-भाग से राहत मिलेगी।

नई व्यवस्था के तहत सीट अपग्रेड के लिए अब अभ्यर्थियों को अनिवार्य रूप से मेडिकल कॉलेज में फिजिकल रिपोर्टिंग नहीं करनी होगी। यदि किसी उम्मीदवार ने सीट अपग्रेड का विकल्प चुना है, तो उसकी आवंटित सीट काउंसलिंग प्रणाली में सुरक्षित रहेगी और वह निर्धारित नियमों के अनुसार अगले चरण में शामिल हो सकेगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव विनोद कोटवाल ने 28 जुलाई को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभागों को भेजे पत्र में बताया कि नीट यूजी 2026 की काउंसलिंग जल्द शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इस शैक्षणिक सत्र से स्नातक और स्नातकोत्तर चिकित्सा प्रवेश प्रक्रिया में कई तकनीकी एवं प्रशासनिक सुधार लागू किए गए हैं, जिससे प्रवेश प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी।

एमसीसी ने पहली बार ऑनलाइन सीट छोड़ने (ऑनलाइन सीट सरेंडर) की सुविधा भी शुरू की है। अब पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर एमसीसी काउंसलिंग पोर्टल के माध्यम से अपनी आवंटित सीट छोड़ सकेंगे। इसके लिए संबंधित मेडिकल कॉलेज में व्यक्तिगत रूप से जाकर आवेदन देने की आवश्यकता नहीं होगी। नई व्यवस्था का उद्देश्य काउंसलिंग प्रक्रिया को अधिक डिजिटल, समयबद्ध और छात्र-केंद्रित बनाना है। इससे अभ्यर्थियों का समय और संसाधनों की बचत होगी, साथ ही सीट आवंटन और अपग्रेड की प्रक्रिया भी पहले की तुलना में अधिक सुगम और पारदर्शी हो सकेगी।