मेदनीचौकी थाना क्षेत्र में हथियार बरामदगी से सनसनी, फायरिंग मामले की जांच तेज

  • Post By Admin on Jul 31 2026
मेदनीचौकी थाना क्षेत्र में हथियार बरामदगी से सनसनी, फायरिंग मामले की जांच तेज

लखीसराय : मेदनीचौकी थाना पुलिस ने फायरिंग की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक देसी कट्टा और चार खोखा बरामद किया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे मेदनीचौकी थाना को सूचना मिली कि खावा चंद्रटोला बांध के समीप फायरिंग की घटना हुई है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और मेदनीचौकी थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान खावा चंद्रटोला गांव में एक चहारदीवारी के पास से एक देसी कट्टा और चार खोखा बरामद किए गए। बरामदगी के बाद मेदनीचौकी थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के सफल उद्भेदन तथा इसमें शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में मेदनीचौकी थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार, पुलिस पदाधिकारी नीतू भारती, शिवशंकर मंडल, सच्चिदा कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।