लखीसराय : पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) छत्रशाल सिंह एवं दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद कुमार ने शुक्रवार को लखीसराय संग्रहालय का भ्रमण कर वहां संरक्षित ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों का अवलोकन किया। इस दौरान उनके साथ रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

संग्रहालय पहुंचने पर सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार ने महाप्रबंधक छत्रशाल सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन एवं दुर्लभ मूर्तियों के इतिहास, सांस्कृतिक महत्व और उनकी विशेषताओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी। भ्रमण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने संग्रहालय के अत्याधुनिक सभागार (ऑडिटोरियम) में 'लखीसराय गान' का भी अवलोकन किया और संग्रहालय की प्रस्तुति एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की सराहना की।

निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक और डीआरएम ने संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ मूर्तियों, उनके व्यवस्थित प्रदर्शन तथा संग्रहालय की उत्कृष्ट रखरखाव व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर संग्रहालय के तकनीकी सहायक राजेश कुमार सहित अंकित कुमार, ऋषभ कुमार, राजेंद्र यादव, राहुल कुमार, रवि राज, सादिक आलम एवं संग्रहालय परिवार के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।