'वैली ऑफ मेडिसिनल प्लांट' के रूप में विकसित होगा दुग्धम, कृषि विभाग ने शुरू की पहल

  • Post By Admin on Jul 12 2026
'वैली ऑफ मेडिसिनल प्लांट' के रूप में विकसित होगा दुग्धम, कृषि विभाग ने शुरू की पहल

लखीसराय : जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास की दिशा में कृषि विभाग, बिहार कृषि विश्वविद्यालय एवं उद्यान निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में सूर्यगढ़ा प्रखंड की बरियारपुर पंचायत अंतर्गत जनजातीय गांव दुग्धम, हदहदिया एवं हनुमान स्थान में किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दुग्धम क्षेत्र को "वैली ऑफ मेडिसिनल प्लांट" के रूप में विकसित करना तथा इसे जैविक ग्राम बनाने के लिए किसानों को प्रेरित करना था।

बैठक के दौरान किसानों को कालमेघ, तुलसी एवं केले की व्यावसायिक खेती के लाभ, बाजार की संभावनाओं तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने औषधीय पौधों की खेती से किसानों की आय बढ़ाने और जनजातीय क्षेत्रों में सतत कृषि विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया। संवाद कार्यक्रम के दौरान 17 किसानों ने कुल 8.5 एकड़ भूमि में केला एवं कालमेघ की खेती करने की सहमति जताई, जबकि छह किसानों ने तीन एकड़ भूमि में तुलसी की खेती करने में रुचि दिखाई।

बैठक में जिला उद्यान पदाधिकारी राजीव रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप, प्रखंड कृषि पदाधिकारी विशाल कुमार, राजस्व अधिकारी जयकांत जायसवाल तथा बरियारपुर पंचायत के मुखिया अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय किसान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को औषधीय एवं जैविक खेती अपनाकर जनजातीय क्षेत्र को कृषि आधारित विकास का मॉडल बनाने का आह्वान किया।