किऊल स्टेशन पर चेकिंग के दौरान मोबाइल चोर गिरफ्तार, 20 हजार का फोन जब्त

  • Post By Admin on Jul 12 2026
किऊल स्टेशन पर चेकिंग के दौरान मोबाइल चोर गिरफ्तार, 20 हजार का फोन जब्त

लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने चोरी के मोबाइल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बरामद ओप्पो कंपनी के मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है।

आरपीएफ के अनुसार निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रमेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, आरक्षी विकास कुमार तथा अपराध आसूचना शाखा के सहायक उपनिरीक्षक प्रेम प्रकाश द्विवेदी एवं रौशन कुमार स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर सघन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान दोपहर 2:10 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही यात्रा संबंधी कोई वैध टिकट प्रस्तुत कर पाया। तलाशी लेने पर उसके पास से ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने उक्त मोबाइल ट्रेन में यात्रा कर रहे एक यात्री से चोरी किया था।

इसके बाद आरपीएफ ने मौके पर तलाशी सह जब्ती सूची तैयार कर मोबाइल जब्त कर लिया तथा दोपहर 2:40 बजे गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्णिया जिले के कस्बा थाना क्षेत्र के फूलवरिया वार्ड संख्या-1 निवासी 34 वर्षीय मंगल माली, पिता स्वर्गीय लक्ष्मण माली के रूप में की। आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह के लिखित आवेदन के आधार पर जीआरपी किऊल थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।