होली पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, डीएम ने दिए कड़े निर्देश
- Post By Admin on Feb 28 2026
लखीसराय : आगामी होली पर्व 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था के सुदृढ़ संधारण एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने की।
बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद होली के पूर्व वर्षों के अनुभवों, उत्पन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग इसे शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बाहर रह रहे लोगों के गृह जिला लौटने से बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भीड़ बढ़ जाती है। इसे देखते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी और यातायात पदाधिकारी को आपसी समन्वय के साथ यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया गया। प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
सभी थाना प्रभारियों, अंचल पदाधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। गश्ती दलों की नियमित पेट्रोलिंग, गश्ती वाहनों में माइक सिस्टम और फर्स्ट ऐड बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सक्रिय रहने को कहा गया।
अग्निशमन विभाग को पर्व के दौरान सभी संसाधनों एवं वाहनों को पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रखने और अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही जल स्रोतों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
मद्य निषेध कानून के प्रभावी अनुपालन के लिए अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में रेल पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक, लखीसराय ने सभी थाना प्रभारियों को पर्व के दौरान निरंतर गश्ती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई और साइबर मॉनिटरिंग सक्रिय रखने को भी कहा गया। आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने “ज्ञान भारतम्” परियोजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना एवं खेल विभाग द्वारा संचालित युद्ध खेल क्लब की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहन देना है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों सहित उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।