लखीसराय में 5 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्वीकृति, कार्यशाला में बनी रणनीति
- Post By Admin on Feb 28 2026
लखीसराय : राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति, लखीसराय के तत्वावधान में शुक्रवार को नगर परिषद, लखीसराय के सभागार में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर परिषद के माननीय सभापति, उपसभापति, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी एवं जिला योजना समन्वयक, जिला स्वास्थ्य समिति, लखीसराय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यशाला में जिले के सभी वार्ड पार्षदों की उपस्थिति रही।
कार्यशाला की शुरुआत में जिला योजना समन्वयक ने राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लखीसराय शहरी क्षेत्र में कुल पांच स्थलों पर शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के नवनिर्माण के लिए राज्य स्तर से स्वीकृति प्राप्त हुई है। हालांकि अब तक केवल एक स्थल पर भूमि उपलब्ध हो सकी है, जबकि शेष चार स्थलों के लिए भूमि की तलाश जारी है।
उन्होंने आगे बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान शहरी बस्तियों में चार स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 391 मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा जिले में संचालित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और उपलब्धियों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
बैठक के दौरान नगर परिषद के सभापति एवं वार्ड पार्षदों ने शहरी क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं के चयन को लेकर सवाल उठाए। इस पर जिला योजना समन्वयक ने जानकारी दी कि आशा चयन के लिए राज्य स्तर पर लक्ष्य का पुनर्निर्धारण किया गया है और शीघ्र ही वार्डवार लक्ष्य तय कर इसकी सूचना संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी जाएगी।
कार्यशाला का उद्देश्य शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।