छापेमारी में अवैध शराब बरामद, चार धंधेबाजों पर कार्यवाई
- Post By Admin on Feb 28 2026
लखीसराय : मद्य निषेध थाना, लखीसराय की ओर से जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 27 एवं 28 फरवरी को विशेष अभियान चलाकर अवैध चुलाई शराब के खिलाफ कार्यवाई की गई। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से अवैध शराब बरामद करते हुए चार लोगों के विरुद्ध कार्यवाई की गई।
सहामालपुर (थाना कजरा) क्षेत्र में की गई छापेमारी में सुबोध झा के पास से 2 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। वहीं वार्ड संख्या-07 निवासी अंजली देवी के पास से 30 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
इसी दिन कोली (थाना हलसी) में प्रमोद महतो के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान 1 लीटर अवैध चुलाई शराब के साथ 60 किलोग्राम जावा महुआ घोल बरामद किया गया, जिसका उपयोग शराब निर्माण में किया जाता है।
बड़ी दरगाह, पुरानी बाजार (थाना लखीसराय) क्षेत्र में सुमन चौधरी के पास से 750 मिलीलीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
मद्य निषेध थाना पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि मद्य निषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब निर्माण व बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।