डेटा और AI के सहारे विकास योजनाओं की होगी निगरानी, लखीसराय में NITI TARA प्रशिक्षण
- Post By Admin on Jul 23 2026
लखीसराय : आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत जिले में डेटा आधारित प्रशासन को सुदृढ़ बनाने और विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में NITI TARA (Toolkit for Analysis, Review & Action) पर आधारित क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आकांक्षी जिलों एवं प्रखंडों में साक्ष्य-आधारित योजना निर्माण, प्रभावी निगरानी तंत्र और समीक्षा प्रणाली को मजबूत करना रहा। इसमें विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों ने भाग लेकर तकनीकी मंच के उपयोग की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण का संचालन NITI TARA के नोडल पदाधिकारी सुमन्त ठाकुर ने किया। उन्होंने बताया कि NITI TARA एक आधुनिक तकनीकी प्लेटफॉर्म है, जिसे विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सटीक डेटा विश्लेषण और निर्णय प्रक्रिया को अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। यह मंच रियल-टाइम डेटा विश्लेषण, जियोस्पेशियल मैपिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित समीक्षा तथा प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (KPIs) की निगरानी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराता है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को NITI TARA के विभिन्न मॉड्यूल, इंटरैक्टिव डैशबोर्ड, एरिया स्ट्रेटेजी, नॉलेज पोर्टल, AI आधारित बैठक कार्यवृत्त (MoM), वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रणाली सहित अन्य डिजिटल उपकरणों के उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि इस तकनीक के माध्यम से योजनाओं की प्रगति की प्रभावी समीक्षा, समस्याओं की त्वरित पहचान और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे NITI TARA प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करें, ताकि प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाया जा सके। उन्होंने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए भविष्य में इस प्रणाली के व्यापक उपयोग पर भी जोर दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।