बिहार के कई जिलों में छात्रों का प्रदर्शन उग्र, दरभंगा, कटिहार और बेगूसराय में पुलिस से झड़प

  • Post By Admin on Jul 23 2026
बिहार के कई जिलों में छात्रों का प्रदर्शन उग्र, दरभंगा, कटिहार और बेगूसराय में पुलिस से झड़प

पटना: नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में गुरुवार को भी छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। दरभंगा, बेगूसराय और कटिहार में जिला समाहरणालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। इस दौरान कई स्थानों पर लाठीचार्ज और पथराव की घटनाएं सामने आईं।

बेगूसराय में प्रदर्शनकारी छात्रों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया और कुछ छात्र मुख्य गेट पर चढ़ गए। पुलिस ने उन्हें पीछे हटने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा कथित तौर पर जिला प्रशासन के एक वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। कटिहार में डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान पथराव की घटना हुई। प्रशासन के अनुसार, इस दौरान ड्यूटी पर तैनात एक मजिस्ट्रेट घायल हो गए और उनकी आंख में गंभीर चोट आई।दरभंगा में भी डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके कारण स्थिति बिगड़ी।

इधर, राजधानी पटना में भी छात्रों ने अशोक राजपथ पर पटना कॉलेज के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहे। कुछ देर बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से वहां से हटाया। प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर, पुलिस और प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है। फिलहाल, विभिन्न जिलों में स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।