लखीसराय : माननीय उपमुख्यमंत्री, बिहार सरकार विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र लखीसराय के बूथ संख्या 231 पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 130वें एपिसोड को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने गणतंत्र दिवस, पहली बार मतदाता बनने के उत्सव को सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देने, स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण तथा नदियों के संरक्षण जैसे विषयों पर प्रेरक विचार साझा किए।
कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मन की बात जैसे कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को सशक्त बनाते हैं और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने आसपास के जिलों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। प्राप्त शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा लखीसराय संग्रहालय में आयोजित वसंत महोत्सव एवं 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने पहली बार मतदाता बने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र का महापर्व है, जो नागरिकों को उनके अधिकार और कर्तव्य का बोध कराता है। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान हैं।
वसंत महोत्सव की सराहना करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्सव हमारी संस्कृति, परंपरा और नवचेतना का प्रतीक है, जो समाज को नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।




















