गांधी स्मृति स्थलों के संरक्षण पर मंथन, पदयात्रा के अगले चरण की तैयारी तेज
- Post By Admin on Jul 27 2026
मुजफ्फरपुर : गांधी के पदचिह्नों पर आधारित 'एक कदम गांधी के साथ' पटना से चंपारण पदयात्रा (10 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026) की समीक्षा बैठक सोमवार को मुजफ्फरपुर के आमगोला स्थित सहनाई विवाह भवन में आयोजित की गई। सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष चंदन पाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में यात्रा में शामिल प्रतिभागियों, व्यवस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों एवं युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान प्रतिभागियों ने यात्रा से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए इसे प्रेरणादायी और ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि गांधी के जीवन और विचारों से जुड़े स्थलों तक पहुंचने का अवसर उनके लिए सीखने और समाज को नई दिशा देने वाला अनुभव रहा। सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष चंदन पाल ने कहा कि यह यात्रा देशभर में सकारात्मक संदेश देने में सफल रही है। उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों में भी इसी तर्ज पर यात्राएं आयोजित करने की तैयारी चल रही है। इसी क्रम में आगामी 2 अक्टूबर से कोलकाता से शांतिनिकेतन तक पदयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान उन ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया गया, जहां महात्मा गांधी पहुंचे थे और जहां से स्वतंत्रता आंदोलन का नया अध्याय शुरू हुआ था।
यात्रा के संयोजक अशोक भारत ने बताया कि इस पदयात्रा में दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार सहित कुल नौ राज्यों के लगभग 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यात्रा पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के पांच जिलों से होकर गुजरी तथा गांधी स्मृति से जुड़े लगभग 50 ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया गया। बैठक में शेख हुसैन (मुंबई), अरविंद अंजुम (झारखंड), उमेश तुरी (धनबाद), नीरज कुमार (पटना) समेत कई प्रतिभागियों ने भी अपने विचार रखे। चर्चा के दौरान गांधी स्मृति स्थलों के संरक्षण एवं विकास, युवाओं को गांधी विचारधारा से जोड़ने के लिए शिविर एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करने, चंपारण की जटिल भूमि समस्या के समाधान की दिशा में पहल करने तथा बिहार में पदयात्रा के अगले चरण की शुरुआत पूर्वांचल क्षेत्र से करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के अंत में यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाने वाले प्रतिभागियों एवं व्यवस्थापकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में चंदन पाल, अरविंद अंजुम, अरविंद वरुण, प्रो. सोनू सरकार, शेख हुसैन, प्रदीप प्रजापति, अशोक भारत, उमेश तुरी, विष्णु कुमार, ओम केशव सिंह कीर्ति, शिवानी, शाहिद कमल, प्रभात कुमार, मकबूल अहमद, प्रो. अवधेश कुमार और शंभू मोहन सहित कई लोग शामिल रहे। कार्यक्रम की जानकारी शांति सेना के संयोजक प्रो. सोनू सरकार ने दी।