संदिग्ध परिस्थिति में मंडल कारा में बंद कैदी की मौत, जांच जारी
- Post By Admin on Jun 07 2024
.jpg)
लखीसराय : स्थानीय मंडल कारा में बंद एक कैदी की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है। बताया जाता है कि बीती देर शाम मंडल कारा में बंद कैदी पप्पू साहनी की तबीयत बिगड़ गई जिसे बेहतर इलाज के लिए मंडल कारा प्रशासन ने सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
विदित हो कि बड़हिया पुलिस ने बड़हिया थाना क्षेत्र के गंगासराय स्थित आईओसीएल के पाइप लाइन से तेल चोरी के आरोप में मृतक पप्पू साहनी को गिरफ्तार कर पांच जून को जेल भेजा था। मृतक बेगूसराय जिले के गढ़पुरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक कैदी के परिजन लखीसराय पहुंचे। मृतक के परिजन मंडल कारा प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं।
वहीं, जेल सुपरिटेंडेंट शशि कुमार ने बताया कि कैदी ने आत्महत्या किया है। उन्होंने बताया कि कैदी ने अपने शर्ट से फांसी लगा लिया, जिसे सदर अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के स्पष्ट कारण के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करना होगा।