छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का आक्रोश मार्च, पीएम का फूंका पुतला

  • Post By Admin on Jul 23 2026
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का आक्रोश मार्च, पीएम का फूंका पुतला

लखीसराय : दिल्ली और बिहार में छात्र आंदोलनों के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी, लखीसराय के नेतृत्व में शहीद द्वार से समाहरणालय तक आक्रोश मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्र-युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। समाहरणालय पहुंचकर बिहार के राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।

आक्रोश मार्च को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश ने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज को पुलिस बल के जरिए दबाने का प्रयास किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि छात्रों के समर्थन में पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार भी लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। कांग्रेस पार्टी इसकी कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं तथा शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक उठा रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, नीट पेपर लीक एवं अन्य परीक्षा अनियमितताओं के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही राज्यपाल से दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने और भविष्य में छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में जिला महासचिव प्रेम कुमार, पंकज कुमार, एनएसयूआई के जिला संयोजक शन्नी यादववंशी, पारस नाथ सहाय, देवेंद्र चंद्रवंशी, मंटू कुमार, सोनू कुमार, राजकुमार पासवान, सुरेंद्र सिंह, महेश प्रसाद सिंह, परमानंद सिंह, विनय कृष्ण मेहता, मनीष कुमार, अर्जुन सिंह, ज्ञान गौरव, चुन्नी सिंह, संजय कुमार, धीरज यादव, जय किशोर यादव, दयानंद दास, अरविंद कुमार, मधेसर सिंह, रामप्रवेश शर्मा, शत्रुघ्न धन सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र-युवा एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।