विदेशी नौकरी के नाम पर ठगी से बचने का संदेश, लखीसराय में जागरूकता अभियान

  • Post By Admin on Jul 23 2026
विदेशी नौकरी के नाम पर ठगी से बचने का संदेश, लखीसराय में जागरूकता अभियान

लखीसराय : विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं को सुरक्षित और वैध प्रक्रिया की जानकारी देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, लखीसराय के सहयोग, प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स कार्यालय तथा क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रतिभागियों को विदेश में रोजगार से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं, सावधानियों और कानूनी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विदेश में नौकरी के लिए इच्छुक लोगों को केवल विदेश मंत्रालय से लाइसेंस प्राप्त रजिस्टर्ड एजेंट (Registered Agent) के माध्यम से ही संपर्क करना चाहिए। साथ ही, एजेंट की वैधता की पुष्टि eMigrate पोर्टल पर अवश्य करनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि विदेश रवाना होने से पहले रोजगार अनुबंध (Employment Contract) और वीजा से संबंधित सभी दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करना आवश्यक है। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता के लिए अपने सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों की प्रतियां परिवारजनों के पास सुरक्षित रखने की सलाह दी गई।

शिविर में भ्रामक विज्ञापनों और गैर-पंजीकृत एजेंटों से सतर्क रहने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के जल्दबाजी में भुगतान नहीं करना चाहिए और केवल अधिकृत माध्यमों से ही रोजगार प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। जागरूकता कार्यक्रम में कुल 75 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें सुरक्षित प्रवासन, वैध भर्ती प्रक्रिया और विदेश में रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी एवं सुरक्षा संबंधी पहलुओं की जानकारी प्रदान की गई।