लखीसराय में हथियार तस्करों पर शिकंजा, भारी मात्रा में कारतूस के साथ तीन गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jul 23 2026
लखीसराय में हथियार तस्करों पर शिकंजा, भारी मात्रा में कारतूस के साथ तीन गिरफ्तार

लखीसराय : कबैया थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक देशी पिस्टल, 70 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, 33 हजार रुपए नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस गहन पूछताछ में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई की शाम एसटीएफ, पटना से सूचना मिली थी कि कबैया थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित मकुना वार्ड संख्या-29 में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध हथियार और कारतूस की खरीद-बिक्री करता है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कवैया थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने तत्काल छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने रामेश्वर महतो और उसके पुत्र सकिन्द्र कुमार के घर की तलाशी ली। तलाशी में उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, 70 जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की बात स्वीकार करते हुए एक अन्य सहयोगी का नाम भी बताया।

दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने संसार पोखर वार्ड संख्या-17 में छापेमारी कर दुर्गी मंडल को गिरफ्तार किया। उसके घर से 33 हजार रुपए नकद बरामद हुए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह राशि अवैध हथियार और कारतूस बेचने के एवज में मिली थी। इस मामले में कबैया थाना कांड संख्या-280/26 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद हथियार और कारतूस के स्रोत तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

गिरफ्तार आरोपितों में नया बाजार निवासी रामेश्वर महतो, उसका पुत्र सकिन्द्र कुमार तथा संसार पोखर निवासी दुर्गी मंडल शामिल हैं। छापेमारी अभियान का नेतृत्व कबैया थानाध्यक्ष रंधीर कुमार ने किया। कार्रवाई में कवैया थाना पुलिस के साथ डीआईयू और एसटीएफ, लखीसराय की टीम भी शामिल रही।