मुजफ्फरपुर में दो वरिष्ठ अधिवक्ताओं के निधन पर शोक, राजद अधिवक्ता प्रकोष्ठ ने जताया दुख
- Post By Admin on Jun 28 2026
मुजफ्फरपुर: जिला बार एसोसिएशन, मुजफ्फरपुर के सदस्य एवं एडवोकेट एसोसिएशन, मुजफ्फरपुर के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव तथा जिला बार एसोसिएशन के सदस्य एवं पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता संजय पारसमणि के असामयिक निधन पर राजद अधिवक्ता प्रकोष्ठ, मुजफ्फरपुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
राजद अधिवक्ता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संतोष बसंत ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुरेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव और संजय पारसमणि का निधन अधिवक्ता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दोनों अधिवक्ता फौजदारी मामलों के विशेषज्ञ माने जाते थे और उनकी विधिक सेवाओं को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव ने जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय आनंद कुमार ठाकुर के सानिध्य में वकालत की शुरुआत की थी। वहीं संजय पारसमणि, स्वर्गीय आनंद कुमार ठाकुर के पुत्र थे और उन्होंने भी अपने पिता के मार्गदर्शन में वकालत का पेशा शुरू किया। बाद में वे पटना उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में सफलतापूर्वक प्रैक्टिस कर रहे थे।
राजद अधिवक्ता प्रकोष्ठ ने दिवंगत अधिवक्ताओं के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। शोक व्यक्त करने वालों में अशेश्वर राय, कामरान, शिवनाथ साह, अंजनी कुमार यादव, श्रद्धा नाथानी, नजराना खातून, प्रेम कुमार पंकज, बिन्देश्वर चौधरी तथा प्रशांत गिरी सहित अन्य अधिवक्ता एवं पदाधिकारी शामिल थे।