मुजफ्फरपुर में इंडिया लेबर लाइन के प्रति श्रमिकों को किया गया जागरूक, मुफ्त हेल्पलाइन की दी जानकारी

  • Post By Admin on Jun 28 2026
मुजफ्फरपुर में इंडिया लेबर लाइन के प्रति श्रमिकों को किया गया जागरूक, मुफ्त हेल्पलाइन की दी जानकारी

मुजफ्फरपुर: ग्राम विचार मंच एवं सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जीरोमाइल चौक पर श्रमिकों के अधिकारों एवं उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संतोष कुमार ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान संतोष कुमार ने बताया कि इंडिया लेबर लाइन श्रमिकों के लिए एक मुफ्त हेल्पलाइन है, जिसके माध्यम से मजदूरी का भुगतान नहीं होने, भुगतान में देरी, मजदूरी में कटौती, पीएफ एवं ईएसआईसी से संबंधित समस्याओं, जबरन नौकरी से निकाले जाने, ग्रेच्युटी, कार्यस्थल पर दुर्घटना होने के बाद मुआवजा नहीं मिलने, न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नहीं होने, कार्यस्थल पर हिंसा या बंधन जैसी समस्याओं में जानकारी, सलाह, मध्यस्थता तथा आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि निर्माण मजदूर कल्याण बोर्ड एवं अन्य राज्य कल्याण बोर्डों में पंजीकरण और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी भी इंडिया लेबर लाइन के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयोजक एवं प्रसिद्ध कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने गीत-संगीत के माध्यम से श्रमिकों को जागरूक किया। उन्होंने भोजपुरी शैली में प्रस्तुत गीत "देशवा में आई गईले इंडिया लेबर लाइन, एक्कर कर प्रचार" सहित कई प्रेरणादायक गीतों के जरिए श्रमिकों से हेल्पलाइन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। इस दौरान इंडिया लेबर लाइन के टोल फ्री नंबर 1800-833-9020 की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि इस हेल्पलाइन पर सोमवार से शनिवार तक सुबह 8:00 बजे से शाम 8:00 बजे के बीच संपर्क कर श्रमिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सहायता प्राप्त कर सकते हैं।आयोजकों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है।