ATM कार्ड फंसाकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
- Post By Admin on Jul 31 2026
लखीसराय : किउल थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड फंसाकर बैंक खातों से अवैध निकासी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से 49,500 रुपए नकद समेत कई उपकरण बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को रोहित कुमार पंजाब नेशनल बैंक के किउल स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। कुछ देर बाद उन्हें एक कथित हेल्पलाइन नंबर से फोन आया और कोड साझा करने को कहा गया। कोड बताने के बाद उनके खाते से करीब 3 लाख 36 हजार रुपए की अवैध निकासी कर ली गई।
पीड़ित की शिकायत पर किउल थाना में 20 जुलाई को कांड संख्या 277/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में किउल थाना, डीआईयू, एसटीएफ तथा तकनीकी शाखा की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद 30 जुलाई की रात पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सबलपुर में छापेमारी कर घटना में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 49,500 रुपए नकद, घटना के समय पहने गए टी-शर्ट और चप्पल, एक स्वाइप मशीन, एक मोबाइल फोन, दो लोहे के प्लास, एक पेचकस तथा एक चाकू बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि इन उपकरणों का उपयोग एटीएम से जुड़ी धोखाधड़ी की घटनाओं में किया जाता था।
छापेमारी दल में किउल थाना के थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, पुलिस पदाधिकारी राजू प्रसाद, सशस्त्र बल के जवानों के साथ डीआईयू और एसटीएफ की टीम शामिल रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम में किसी प्रकार की समस्या होने पर केवल बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन से ही संपर्क करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, पिन, सीवीवी या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करें। अधिकारियों ने कहा कि साइबर ठगी से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।