वेतन, एरियर और पेंशन के लंबित मामलों पर बीआरएबीयू की पहल, दो दिवसीय शिविर का शुभारंभ
- Post By Admin on Jul 27 2026
मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) में शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबित वेतन, वेतन एरियर, पेंशन एवं अन्य भुगतान संबंधी मामलों के त्वरित निपटारे के लिए सोमवार से दो दिवसीय विशेष सत्यापन शिविर की शुरुआत हुई। राजभवन सचिवालय, बिहार के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लाभुक अपने दस्तावेजों के सत्यापन के लिए पहुंचे।
विश्वविद्यालय अतिथिशाला में आयोजित शिविर में मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर सहित कई जिलों के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने लंबित वेतन, एरियर और पेंशन संबंधी मामलों का सत्यापन कराया। शिविर के दौरान वेतन एवं एरियर से जुड़े मामलों में रामनरेश कुमार, अमेरिका शाह और टी.पी. सिंह सहित अन्य आवेदकों के दस्तावेजों की जांच की गई। वहीं पेंशन संबंधी मामलों में कामता प्रसाद यादव, अरुण यादव, श्यामनंदन सिंह, उदय नारायण प्रसाद, उमा शंकर पाण्डेय और लक्ष्मी कुमारी समेत कई सेवानिवृत्त कर्मियों के अभिलेखों का सत्यापन किया गया।
इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) समीर कुमार शर्मा, वित्तीय सलाहकार प्रवीण कुमार सिंह, वित्त पदाधिकारी राम बाबू महतो, पेंशन पदाधिकारी डॉ. मो. अमानुल्लाह, उपकुलसचिव प्रथम प्रवीर सरकार, राजेश कुमार, खुर्शीद आलम, ऋषि, अमित भारद्वाज, संतोष सिंह सहित अन्य अधिकारियों और कर्मियों ने आवेदकों के दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई। अधिकारियों ने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन भी दिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि विशेष सत्यापन शिविर 28 जुलाई 2026 को भी विश्वविद्यालय अतिथिशाला में सुबह 10:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। जिन शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के वेतन, एरियर, पेंशन अथवा अन्य भुगतान संबंधी मामले लंबित हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपने मामलों का सत्यापन करा सकते हैं।