आरएमएलएस कॉलेज में हुआ भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम, नए छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत

  • Post By Admin on Jul 27 2026
आरएमएलएस कॉलेज में हुआ भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम, नए छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत

मुजफ्फरपुर : डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय में सोमवार को सत्र 2026-30 के नव-नामांकित छात्र-छात्राओं के लिए फ्रेशर्स ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम और अनुशासित छात्र जीवन से परिचित कराना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार ने की। अपने संबोधन में उन्होंने नव-नामांकित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन का पालन करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के संयोजक एवं राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक प्रो. (डॉ.) हरिश्चन्द्र प्रसाद यादव ने विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन के महत्व से अवगत कराया और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर गणित विभाग के डॉ. अशोक कुमार तथा भौतिकी विभाग के प्रो. डॉ. रफीउल्लाह अंसारी ने सीबीसीएस प्रणाली पर आधारित चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम की संरचना, उद्देश्य और इसके विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में वाणिज्य विभाग के डॉ. ओ.पी. अंगिरा, रसायनशास्त्र विभाग के डॉ. इक़बाल अहमद खान, अंग्रेजी विभाग के डॉ. अब्दुल अजीज टीके तथा हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रंजना कुमारी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, व्यक्तित्व विकास और जिम्मेदार नागरिक बनने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन जंतु विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ. रश्मि रेखा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अर्थशास्त्र विभाग के प्राध्यापक प्रो. मुकेश कुमार सरदार ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं 500 से अधिक नव-नामांकित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।