अर्थ डे पर माउंट लिटरा ज़ी स्कूल में जागरूकता की गूंज, छात्रों ने दिया हरित संदेश
- Post By Admin on Apr 22 2026
लखीसराय :अर्थ डे के अवसर पर माउंट लिटरा ज़ी स्कूल, लखीसराय में भव्य और जागरूकता से भरपूर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर पर्यावरण संरक्षण के संदेशों से गूंज उठा और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें पृथ्वी की सुरक्षा के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर पोस्टर-निर्माण, स्लोगन-लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यालय के गलियारों को विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक पोस्टरों और प्रभावशाली संदेशों से सजाया गया, जो “ग्रीन और क्लीन अर्थ” का संदेश दे रहे थे।
कार्यक्रम की खास आकर्षण वृक्ष-सींचन गतिविधि रही, जिसमें विद्यार्थियों ने पौधों को पानी देकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से बच्चों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराया गया। इसके अलावा शिक्षकों द्वारा विशेष जागरूकता सत्र आयोजित कर विद्यार्थियों को पृथ्वी के महत्व, सतत विकास, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और दैनिक जीवन में अपनाए जाने वाले पर्यावरणीय उपायों की जानकारी दी गई।
विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह की जागरूकता गतिविधियां जारी रखने का संकल्प दोहराया।