बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन की टीम पहुंची मुजफ्फरपुर, शूटिंग रेंज विस्तार पर बनी सहमति
- Post By Admin on May 18 2026
मुजफ्फरपुर : जिले के कांटी पखनाहा स्थित स्वराज शूटिंग एकेडमिक में जल्द ही 25 मीटर एवं 50 मीटर आउटडोर शूटिंग रेंज के विस्तारीकरण की दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा। इसको लेकर बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन की टीम ने एकेडमी पहुंचकर शूटिंग रेंज और पूरे कैंपस का विस्तृत निरीक्षण किया।
बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन के सदस्य कौशल नागोरिया अपनी टीम के साथ स्वराज शूटिंग एकेडमिक पहुंचे, जहां उन्होंने रेंज की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान प्रशिक्षक एवं कोच अमित घनशेला ने टीम को 10 मीटर एयर राइफल एवं एयर पिस्टल रेंज, लेन, शूटिंग किट, शूज तथा अन्य तकनीकी सुविधाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान कौशल नागोरिया और उनकी टीम ने 10 मीटर राइफल एवं पिस्टल शूटिंग का ट्रायल भी किया और रेंज की व्यवस्थाओं की सराहना की। टीम ने रेंज के विस्तार को लेकर आवश्यक तकनीकी सुझाव और मार्गदर्शन भी दिया।
स्वराज शूटिंग एकेडमिक एवं एजुकेशनल ट्रस्ट के उज्ज्वल कुमार ने बताया कि वर्तमान में यहां 10 मीटर का इनडोर शूटिंग रेंज संचालित हो रहा है, लेकिन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी के लिए 25 और 50 मीटर आउटडोर रेंज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और यहां के युवा खेल के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस दौरान मुजफ्फरपुर में राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप आयोजित कराने को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और जिले में शूटिंग खेल को नई पहचान मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान कौशल नागोरिया एवं उनकी टीम को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। मौके पर स्वराज शूटिंग एकेडमिक एवं एजुकेशनल ट्रस्ट के रिशु आर्या, अनुरिजय राज सिंह, राजन कुमार, निशांत राज, आदित्य वर्मा, अनिरुद्ध सिंह एवं अमित कुमार (कमांडेंट डॉक्टर सीआरपीएफ) सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।