दो दिवसीय संगीताचार्य पंडित हीरालाल मिश्र सम्मान एवं संगीत महोत्सव का भव्य आगाज

  • Post By Admin on May 18 2026
दो दिवसीय संगीताचार्य पंडित हीरालाल मिश्र सम्मान एवं संगीत महोत्सव का भव्य आगाज

पटना : सांस्कृतिक संस्था त्रिवेणी कला केन्द्र, पटना द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय “संगीताचार्य पंडित हीरालाल मिश्र सम्मान एवं संगीत महोत्सव” का शुभारंभ सोमवार को प्रेमचंद रंगशाला, पटना में हुआ। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

महोत्सव का उद्घाटन बिहार संगीत नाटक अकादमी एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी पटना की सहायक सचिव कीर्ति आलोक, उद्योगपति एवं कला संरक्षक एल.एन. पोद्दार, संस्था के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार तथा सचिव विजय कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का संचालन सोमा चक्रवर्ती ने किया। इस अवसर पर वर्ष 2026 का “संगीताचार्य पंडित हीरालाल मिश्र सम्मान” पटना के तबला वादक गुरु हेमराज सिंह एवं शास्त्रीय गायन के क्षेत्र में योगदान देने वाले गुरु डॉ. ओम प्रकाश नारायण को प्रदान किया गया।

महोत्सव की पहली प्रस्तुति कथक नृत्यांगना सुभाश्री मिश्रा ने दी। उन्होंने शिव स्तुति, तराना, गत निकास और ठुमरी की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। इसके बाद नई दिल्ली के कलाकार डॉ. अविनाश कुमार ने शास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया। उन्होंने राग जोगकौस एवं राग खमाज में दादरा की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। तबले पर नई दिल्ली के उस्ताद मुस्तफा हुसैन तथा हारमोनियम पर पटना के संतोष कुमार ने संगत की।

कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति नई दिल्ली के विख्यात सितार वादक पंकज विशाल द्वारा दी गई। उनके सितार वादन ने संगीत प्रेमियों को भावविभोर कर दिया और पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना तथा नई पीढ़ी को कला से जोड़ना है।