सोशल वर्कर फॉर वूमेन एम्पावरमेंट के सौजन्य से आंगनबाड़ी सेविकाओं को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

  • Post By Admin on Sep 24 2026
सोशल वर्कर फॉर वूमेन एम्पावरमेंट के सौजन्य से आंगनबाड़ी सेविकाओं को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

मुजफ्फरपुर : आपदा की स्थिति में बेहतर तैयारी और त्वरित प्रत्युत्तर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को सरैयागंज स्थित सोशल वर्कर फॉर वूमेन एम्पावरमेंट के परिसर में आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं के लिए उन्मुखीकरण-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन, बाढ़ पूर्व तैयारी एवं आपदा के दौरान प्रभावी प्रत्युत्तर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण का संचालन यूनिसेफ, बिहार इंटर एजेंसी ग्रुप (BIAG) एवं GPSVS के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में यूनिसेफ, मुजफ्फरपुर के जिला समन्वयक कुमार दीपक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी सेविकाओं को बाढ़ एवं अन्य आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक पूर्व तैयारी, सावधानियों और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सक्षम बनाना था।

प्रशिक्षण के दौरान सेविकाओं को आपदा से जुड़े संभावित जोखिमों की पहचान, सुरक्षित स्थानों की जानकारी, आवश्यक संसाधनों की पूर्व व्यवस्था और आपात स्थिति में समुदाय के साथ समन्वय स्थापित करने के बारे में जानकारी दी गई। बाढ़ जैसी परिस्थितियों में समय रहते आवश्यक कदम उठाने और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों, महिलाओं और अन्य संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। सेविकाओं को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लोगों को आपदा के प्रति जागरूक करने तथा आपात स्थिति में आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।

यूनिसेफ के जिला समन्वयक कुमार दीपक ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं समुदाय के साथ सीधे जुड़ी होती हैं और गांवों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी उनकी व्यापक पहुंच है। ऐसे में आपदा प्रबंधन और बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर लोगों को जागरूक करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। प्रशिक्षकों ने आंगनबाड़ी सेविकाओं से प्रशिक्षण के दौरान मिली जानकारी को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी ढंग से लागू करने और समुदाय को आपदा की स्थिति के लिए सुरक्षित एवं सजग बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।