पर्व के गीतों के बीच गूंजीं चीखें : करमा-धरमा स्नान के दौरान पोखर में डूबे 6 बच्चे, गांव में पसरा मातम
- Post By Admin on Sep 21 2026
भागलपुर : जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत उधाडीह पंचायत के तरैटा बहियार में सोमवार सुबह करम पर्व का उल्लास उस समय भीषण मातम में तब्दील हो गया, जब पोखर में स्नान करने गए छह बच्चों की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन बालक और तीन बालिकाएं शामिल हैं, जिनकी उम्र लगभग 10 से 12 वर्ष के बीच आंकी गई है। करमा-धरमा पर्व के पावन अवसर पर यह सभी बच्चे सुबह पोखर में स्नान करने पहुंचे थे, जहां एक बच्चे को गहरे पानी में डूबता देख उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी एक-एक कर आगे बढ़ते गए और गहरे पानी की चपेट में आने से सभी छह बच्चे जलमग्न हो गए।
हादसे की खबर जंगल में आग की तरह फैलते ही गांव में कोहराम और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण फौरन पोखर की ओर दौड़े और कड़े मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को अचेत अवस्था में पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में बच्चों को इलाज के लिए सुल्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत सभी छह बच्चों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की पुष्टि होते ही अस्पताल परिसर से लेकर समूचे गांव में चीत्कार मच गई और जिन आंगनों में पर्व के गीतों की गूंज थी, वहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतकों की पहचान ज्योति कुमारी, पिता धनंजय मंडल, निवासी रजंदीपुर, सबौर, मीनाक्षी कुमारी, पिता वाल्मीकि मंडल, आयुष कुमार, पिता विनोद मंडल, राहुल कुमार, पिता पूरब मंडल, पूजा कुमारी, पिता पूरन मंडल और विकास कुमार, पिता रंजन कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मृत बच्चों में से पांच सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 स्थित विष्णुटोला के निवासी थे, जबकि ज्योति कुमारी सबौर थाना क्षेत्र के रजंदीपुर की रहने वाली थी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंचे तथा सभी छह बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए भागलपुर भेजते हुए आगे की कानूनी व प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी।