​छठ-दिवाली पर अब नहीं मचेगी भगदड़, स्टेशन पर 39 करोड़ की लागत से बनेगा हाईटेक लाउंज

  • Post By Admin on Sep 07 2026
​छठ-दिवाली पर अब नहीं मचेगी भगदड़, स्टेशन पर 39 करोड़ की लागत से बनेगा हाईटेक लाउंज

भागलपुर : दीपावली और लोकआस्था के महापर्व छठ के दौरान ट्रेनों में उमड़ने वाली प्रवासियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल ने बड़ा कदम उठाया है। भागलपुर रेलवे स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ के दबाव को व्यवस्थित और सुरक्षित करने के लिए करीब 39 करोड़ रुपये की लागत से एक विशाल और अत्याधुनिक 'स्थायी होल्डिंग एरिया' का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही भागलपुर पूरे बिहार और मालदा रेल मंडल का ऐसा पहला स्टेशन बन जाएगा, जहां यात्रियों के ठहरने के लिए सर्वसुविधायुक्त स्थायी परिसर मौजूद होगा।

पूर्व रेलवे, कोलकाता के पीसीसीएम (PCCM) डॉ. उदय चंद्र झा ने पुष्टि करते हुए बताया कि मालदा डिवीजन द्वारा लगभग 39 करोड़ रुपये की लागत से स्थायी होल्डिंग एरिया का निर्माण जल्द शुरू होगा। परियोजना की स्वीकृति मिल चुकी है और राइट्स (RITES) के माध्यम से आरएलडीए (RLDA) इस निर्माण कार्य को पूरा करेगा।

हर साल के अस्थायी टेंट के खर्च और असुविधा से मिलेगा छुटकारा

अब तक हर साल त्योहारों के मौके पर मालदा डिवीजन स्टेशन परिसर में वाटरप्रूफ टेंट और पंडाल लगाकर अस्थायी होल्डिंग एरिया तैयार करता था। इसमें हर वर्ष लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब इस समस्या का स्थायी समाधान करते हुए पुराने रिजर्वेशन काउंटर के समीप खाली पड़ी जमीन पर यह आधुनिक कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। निर्माण स्थल का तकनीकी सर्वे पूरा हो चुका है और सुरक्षा के लिहाज से आरपीएफ द्वारा पूरे क्षेत्र की ड्रोन फोटोग्राफी और मैपिंग भी करा ली गई है।

आधुनिक हॉल, आरामदायक सीटें और स्नानागार की मिलेगी सुविधा

प्रस्तावित होल्डिंग एरिया को एक बड़े आधुनिक हॉल के रूप में तैयार किया जाएगा। इसमें सैकड़ों यात्रियों के बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियां लगाई जाएंगी, जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों से देर रात आने वाले या कनेक्टिंग ट्रेन पकड़ने वाले मुसाफिर सुरक्षित विश्राम कर सकेंगे। परिसर में स्वच्छ पेयजल, आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक, यूरिनल और स्नानागार (बाथरूम) की मुकम्मल व्यवस्था रहेगी।

ट्रेन आने के 10 मिनट पहले ही प्लेटफॉर्म पर मिलेगा प्रवेश

दीपावली से लेकर छठ पूजा के बाद तक दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल), मुंबई, सूरत, अहमदाबाद और पंजाब जाने-आने वाली ट्रेनों में भारी जनसैलाब उमड़ता है। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर भगदड़ और अफरा-तफरी रोकने के लिए नई व्यवस्था लागू की जाएगी।पीक सीजन के दौरान यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म पर जाने की इजाजत नहीं होगी। स्टेशन पहुंचते ही उद्घोषणा प्रणाली (माइकिंग) के जरिए यात्रियों को पहले होल्डिंग एरिया में भेजा जाएगा। संबंधित ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर लगने या आने के ठीक 10 मिनट पहले ही यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर जाने दिया जाएगा।