बिहार की क्रिकेट सनसनी अक्षरा गुप्ता ने फिर मचाया धमाल, 68 गेंदों में ठोके 164 रन

  • Post By Admin on Jun 22 2026
बिहार की क्रिकेट सनसनी अक्षरा गुप्ता ने फिर मचाया धमाल, 68 गेंदों में ठोके 164 रन

भागलपुर : बिहार की उभरती हुई युवा क्रिकेटर अक्षरा गुप्ता लगातार अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रही हैं। महज 15 वर्ष की उम्र में उन्होंने एक बार फिर विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए बिहार जोनल अंडर-19 महिला वनडे टूर्नामेंट में 68 गेंदों पर 164 रन की तूफानी पारी खेली।

अपनी इस आक्रामक पारी में अक्षरा ने 27 चौके और 6 छक्के जड़े तथा 241 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उनकी इस पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बिहार महिला क्रिकेट की सबसे प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाजों में शामिल हैं। इससे पहले भी अक्षरा ने बिहार महिला अंडर-19 एकदिवसीय टूर्नामेंट में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए केवल 126 गेंदों पर नाबाद 306 रन बनाए थे। उनकी इस रिकॉर्डतोड़ पारी में 55 चौके और 8 छक्के शामिल थे, जो बिहार क्रिकेट के इतिहास में एक विशेष उपलब्धि मानी जा रही है।

लगातार दो मुकाबलों में 306 और 164 रन की दमदार पारियों ने अक्षरा की असाधारण प्रतिभा, कड़ी मेहनत और बड़े मंच पर सफलता हासिल करने की क्षमता को उजागर किया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उनका यही प्रदर्शन जारी रहा तो वह जल्द ही बिहार ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं। अक्षरा की इस उपलब्धि से बिहार के क्रिकेट जगत में उत्साह का माहौल है और खेल प्रेमी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।