भागलपुर बनेगा AI शिक्षा का केंद्र, सीएम सम्राट चौधरी ने किया AI यूनिवर्सिटी खोलने का ऐलान
- Post By Admin on Jul 16 2026
भागलपुर : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में उच्च शिक्षा और औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह विश्वविद्यालय युवाओं को भविष्य की तकनीकों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को भागलपुर के गोराडीह प्रखंड के कासिल गांव में आयोजित समारोह में राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों के उद्घाटन के अवसर पर यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसी वर्ष भागलपुर में लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में एक आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सम्राट चौधरी ने इस अवसर को बिहार के लिए गौरव का दिन बताते हुए कहा कि राज्य के 211 प्रखंडों में स्थापित नए डिग्री कॉलेजों में बुधवार से शैक्षणिक सत्र भी शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल के साथ अब बिहार के सभी 534 प्रखंडों के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के विस्तार के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा और रोजगारोन्मुखी विकास पर विशेष जोर दे रही है, ताकि बिहार के युवाओं को आधुनिक कौशल और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।