शिक्षा से युक्ति, बाल मजदूरी से मुक्ति नारे के साथ निकाली गई जागरूकता रथ
- Post By Admin on Apr 30 2025
.jpg)
लखीसराय : राष्ट्रीय बाल श्रम उन्मूलन दिवस के अवसर पर बुधवार को जिले में बाल श्रम के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। जिला मुख्यालय के नया बाजार स्थित राजकीय उच्च विद्यालय हसनपुर की छात्राओं के साथ श्रम विभाग द्वारा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। बाल श्रम पदाधिकारी संजय कुमार चौधरी की अगुवाई में यह अभियान बाल मजदूरी के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
समग्र सेवा संस्था के सहयोग से निकाले गए इस रथ को श्रम पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जिला प्रतिनिधि अभिनाश सिंह सहित कई अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। बालिकाओं ने जागरूकता रथ के साथ-साथ प्रभात फेरी भी निकाली, जो जिला मुख्यालय होते हुए कवैया थाना तक पहुंची।
छात्राओं ने "शिक्षा से युक्ति, बाल मजदूरी से मुक्ति" जैसे नारों के माध्यम से राहगीरों और आमजन को बाल श्रम के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। बाल श्रम पदाधिकारी संजय कुमार चौधरी ने बताया कि यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर बाल श्रम अधिनियम की जानकारी देगा और समाज में जागरूकता फैलाएगा।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे बाल श्रम जैसी कुरीति को समाज से खत्म करने में प्रशासन का सहयोग करें और बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें।