शादी का झांसा, फिर हैवानियत की इंतहा : युवती से दो बार दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार
- Post By Admin on Feb 28 2026
जगतसिंहपुर : ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में 23 वर्षीय युवती के साथ एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर दुष्कर्म किए जाने और बाद में उसकी हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 22 फरवरी की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, युवती 22 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे अपने प्रेमी सोमनाथ ओझा के साथ घर से भागकर शादी करने की योजना बनाकर निकली थी। आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर सरला मंदिर बुलाया। वहां से वह उसे एक सुनसान स्थान पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी उसे रहमा बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गया।
बस स्टैंड पर अकेली और परेशान खड़ी युवती के पास एक बाइक सवार युवक पहुंचा, जिसकी पहचान झारखंड के धनबाद निवासी शुभम कुमार सिंह के रूप में हुई है। उसने युवती को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया और अपनी मोटरसाइकिल से पारादीप स्थित किराए के मकान पर ले गया।
आरोप है कि उसने मकान की छत पर युवती के साथ दोबारा दुष्कर्म किया और बाद में उसे चार मंजिला इमारत से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अगली सुबह युवती का शव बरामद हुआ।
22 फरवरी की शाम युवती के घर नहीं लौटने पर 23 फरवरी को उसके भाई ने तिरतोल थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शव मिलने के बाद अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज हुआ। 25 फरवरी को पारादीप मॉडल थाने में दुष्कर्म और हत्या की लिखित शिकायत दी गई, जिसके बाद जांच तेज हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत सभी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।