कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में बीआरएबीयू में नशामुक्ति और स्वच्छता अभियान का आगाज

  • Post By Admin on Aug 02 2026
कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में बीआरएबीयू में नशामुक्ति और स्वच्छता अभियान का आगाज

मुजफ्फरपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प” राष्ट्रीय अभियान के शुभारंभ के अवसर पर बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने केंद्रीय पुस्तकालय स्थित सीनेट हॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया तथा उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। एनएसएस समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक ने स्वागत भाषण देते हुए अभियान की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला और युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में नशामुक्त समाज की बड़ी भूमिका है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान से अधिकाधिक जुड़ने और समाज को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया। संबोधन के उपरांत सीनेट हॉल में उपस्थित पदाधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली।

कार्यक्रम में कुलानुशासक डॉ. विपिन कुमार राय ने युवाओं से नशे की विभीषिका से दूर रहने की अपील की। पूर्व कुलानुशासक प्रो. रवींद्र कुमार चौधरी ने इसे राष्ट्र निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया, जबकि डीएसडब्ल्यू डॉ. आलोक प्रताप सिंह ने विश्वविद्यालय स्तर पर ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया। इस अवसर पर कला संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार, वाणिज्य संकाय के प्रो. अले मुस्तफा, भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. लल्लन कुमार, आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. नवेदुल हक, पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. कौशल किशोर चौधरी, प्रो. अरविंद कुमार, डॉ. विनोद बैठा सहित अनेक विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एनएसएस स्वयंसेवकों, विश्वविद्यालय कर्मचारियों तथा पीजी एवं यूजी विभागों के करीब 300 छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। धन्यवाद ज्ञापन वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. साकेत कुमार ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान “जन-गण-मन” के सामूहिक गायन के साथ राष्ट्रभक्तिपूर्ण वातावरण में हुआ। एनएसएस समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक ने बताया कि नशामुक्ति अभियान के साथ विश्वविद्यालय में “स्वच्छता जागरूकता अभियान” और “प्लास्टिक मुक्त बिहार अभियान” की भी शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि कुलपति के नेतृत्व में यह अभियान विश्वविद्यालय परिसर के साथ-साथ बीआरएबीयू के अंतर्गत आने वाले छह जिलों के महाविद्यालयों में प्रत्येक रविवार को चलाया जाएगा। इसकी पहली कड़ी राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय, बेतिया (पश्चिम चंपारण) से शुरू हो चुकी है।