लाठीचार्ज के विरोध में AIDSO का आक्रोश मार्च, छात्र हितों की रक्षा के लिए संघर्ष का ऐलान

  • Post By Admin on Jul 23 2026
लाठीचार्ज के विरोध में AIDSO का आक्रोश मार्च, छात्र हितों की रक्षा के लिए संघर्ष का ऐलान

मुजफ्फरपुर : दिल्ली में संसद मार्च और पटना में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की मीनापुर प्रखंड कमिटी के नेतृत्व में प्रतिरोध मार्च निकाला गया। मीनापुर प्रखंड कार्यालय से शुरू हुआ मार्च गंजबाजार होते हुए जगदेव चौक पहुंचा, जहां आयोजित सभा में छात्र-युवाओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और छात्र हितों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। प्रतिरोध मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने "इंकलाब जिंदाबाद", "लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बंद करो", "छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो" और "घायल छात्र-छात्राओं के समुचित इलाज की व्यवस्था करो" जैसे नारे लगाए।

सभा को संबोधित करते हुए AIDSO के जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए तथा छात्राओं के साथ कथित रूप से अमर्यादित व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन में छात्रों की भागीदारी रोकने के लिए मेट्रो एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर प्रतिबंध लगाए गए। साथ ही उन्होंने पटना में शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग की भी आलोचना की।

सभा की अध्यक्षता करते हुए AIDSO मीनापुर प्रखंड सचिव सकल देव कुमार ने कहा कि छात्र-युवा समुदाय दमन से डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए छात्र-छात्राएं गांव-गांव और शहर-शहर से संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने छात्रों से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला कमेटी सदस्य अभिषेक कुमार, प्रखंड अध्यक्ष सोनू मौर्य, उपाध्यक्ष मदन कुमार, प्रिंस गौतम, राजीव कुमार, अनिल कुमार, कृष्णा कुमार, अनीशा कुमारी, अंजूम, मंदाकिनी, अंशु, वरुण, रिशु, अंकित, दीप्ति, गोलू, यश, क्रिनजल, अंजली, अविनाश सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।