मंदिर निर्माण को लेकर आंदोलन तेज, 16 जुलाई से रेल रोको अभियान का ऐलान

  • Post By Admin on Jul 15 2026
मंदिर निर्माण को लेकर आंदोलन तेज, 16 जुलाई से रेल रोको अभियान का ऐलान

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर स्थित मंदिर पुनर्निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अनिल कुमार ने 16 जुलाई से उत्तर बिहार में अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। इस संबंध में बुधवार को विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित कर आंदोलन की रूपरेखा साझा की गई।

अनिल कुमार ने बताया कि 15 जुलाई को मंदिर पुनर्निर्माण को लेकर किसी प्रकार का आदेश नहीं होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के तहत 16 जुलाई से उत्तर बिहार क्षेत्र में रेल सेवाएं प्रभावित करने के उद्देश्य से अनिश्चितकालीन रेल रोको अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगा, जबकि शनिवार और रविवार को आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आंदोलन स्थगित रहेगा। उनका कहना था कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। प्रेस वार्ता में आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक मंदिर पुनर्निर्माण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही प्रशासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की गई।

इस आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल, हिंदू युवा संगठन, हिंदू जन जागृति समिति, हिंदू रक्षा सेना, जन विकास मंच, विश्व हिंदू युवा वाहिनी सहित कई हिंदू संगठनों ने समर्थन देने की घोषणा की है। संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प भी लिया। प्रेस वार्ता में अनिल कुमार के अलावा सुभाष ठाकुर, अर्जुन सिंह, अभिमन्यु मिश्र, प्रफुल्ल कुमार, राजन सिंह, अभिषेक सनातनी सहित उत्तर बिहार के विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।