पुरी में आज से आस्था का महापर्व, भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शुरू

  • Post By Admin on Jul 16 2026
पुरी में आज से आस्था का महापर्व, भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शुरू

ओडिशा : विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा गुरुवार से ओडिशा के पुरी में शुरू हो रही है। इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ओडिशा सरकार और पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।

हिंदू पंचांग के अनुसार, भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा प्रत्येक वर्ष आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को निकाली जाती है। इस वर्ष रथ यात्रा 16 जुलाई से प्रारंभ होकर नौ दिनों तक चलेगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ भव्य लकड़ी के रथों पर सवार होकर श्रीमंदिर से अपनी मौसी के घर, गुंडिचा मंदिर तक यात्रा करते हैं। इस दौरान श्रद्धालु रथों की रस्सी खींचकर स्वयं को धन्य मानते हैं।

रथ यात्रा को देखने और भगवान के दर्शन के लिए भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न देशों से भी श्रद्धालु पुरी पहुंचते हैं। इसे सनातन परंपरा के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ओडिशा सरकार ने त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और अन्य एजेंसियों की तैनाती के साथ पूरे रथ यात्रा मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से इस महापर्व में शामिल हो सकें।