लखीसराय में शराब माफियाओं पर पुलिस का प्रहार, सात आरोपी गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jul 14 2026
लखीसराय में शराब माफियाओं पर पुलिस का प्रहार, सात आरोपी गिरफ्तार

लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। 13 जुलाई को उत्पाद थाना पुलिस और संबंधित थाना क्षेत्रों में चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान शराब की बिक्री और सेवन के मामलों में सात लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में विदेशी शराब, चुलाई शराब और जावा महुआ घोल भी बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, बड़हिया थाना क्षेत्र के बड़हिया स्टेशन के पास से ज्योतिष कुमार को 9 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं हलसी थाना क्षेत्र के बसुआरा गांव में उर्मिला देवी के पास से 75 किलोग्राम जावा महुआ घोल तथा 4.25 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। चानन थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में की गई कार्रवाई के दौरान गरमी देवी के पास से 16.75 लीटर चुलाई शराब जब्त की गई। इसके अलावा शराब सेवन के आरोप में जानकीडीह निवासी रामबरन मंडल, कजरा थाना क्षेत्र के गोसाई गली से दीपक कुमार राम तथा बड़हिया थाना क्षेत्र के नई छावनी निवासी मिथुन मांझी और पुरानी छावनी निवासी केशव दास के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

उत्पाद विभाग ने बताया कि जिले में शराब के अवैध कारोबार और सेवन के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से शराबबंदी कानून का पालन करने तथा अवैध शराब की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।