आरडीएस कॉलेज पहुंचे सेना के अधिकारी, कैडेटों को रक्षा सेवाओं में करियर पर दिए अहम सुझाव

  • Post By Admin on Jul 21 2026
आरडीएस कॉलेज पहुंचे सेना के अधिकारी, कैडेटों को रक्षा सेवाओं में करियर पर दिए अहम सुझाव

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय के एनसीसी यूनिट का मंगलवार को एनसीसी मुजफ्फरपुर ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा एवं 32 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल कमल किशोर मिश्र ने औपचारिक भ्रमण किया। महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य, कॉलेज परिवार, एसोसिएट एनसीसी अधिकारी तथा कैडेटों ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने एनसीसी कैडेटों के साथ संवाद करते हुए उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और निःस्वार्थ सेवा की भावना को जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।

ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा ने कैडेटों से एनसीसी प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय शिविरों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा भारतीय सशस्त्र सेनाओं सहित अन्य प्रतिस्पर्धी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। वहीं, कमांडिंग ऑफिसर कर्नल कमल किशोर मिश्र ने कैडेटों की वर्दी, अनुशासन और उत्साह की सराहना की। उन्होंने नियमित शारीरिक अभ्यास, शैक्षणिक उत्कृष्टता और नैतिक मूल्यों के पालन पर जोर देते हुए एनडीए, सीडीएस एवं अन्य रक्षा सेवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने महाविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों और अध्ययन-अध्यापन के अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए महाविद्यालय प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंत में कैडेटों ने विभिन्न विषयों पर अधिकारियों से प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। यह संवाद कैडेटों के लिए प्रेरणादायी और उपयोगी साबित हुआ। महाविद्यालय परिवार ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरक बताया। इस अवसर पर एनसीसी पदाधिकारी डॉ. जयदीप घोष एवं डॉ. राजीव कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।