लखीसराय में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की परखी तैयारियां
- Post By Admin on Aug 04 2026
लखीसराय: आगामी चुनावों को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने निर्वाचन विभाग, बिहार के निर्देशानुसार अगस्त 2026 का मासिक ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस निरीक्षण किया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, रखरखाव तथा भंडारण व्यवस्था का जायजा लेना था, ताकि आगामी चुनावों के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया गया। इस दौरान सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास प्रक्रिया, रिकॉर्ड संधारण तथा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों ने भी वेयरहाउस की सुरक्षा और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा इसे निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप बताया। इस अवसर पर निर्वाचन विभाग के पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, लखीसराय, भवन प्रमंडल के सहायक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।