संघ के शताब्दी वर्ष पर भव्य हिंदू सम्मेलन, संतों ने दिया एकता का संदेश

  • Post By Admin on Mar 01 2026
संघ के शताब्दी वर्ष पर भव्य हिंदू सम्मेलन, संतों ने दिया एकता का संदेश

लखीसराय : शहर के नया बाजार स्थित केआरके मैदान में शनिवार देर शाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक एवं वरिष्ठ प्रचारक देवेंद्र कुमार ने की। आयोजन “सकल हिंदू समाज” के बैनर तले किया गया, जिसमें संघ से जुड़े विभिन्न अनुषांगिक संगठनों, सनातन धर्म समर्थक संस्थाओं तथा विभिन्न संप्रदायों के संत-महात्माओं की सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में देवेंद्र कुमार ने कहा कि संघ का 100 वर्षों का सफर सेवा, संगठन और संस्कार की भावना से प्रेरित रहा है। उन्होंने हिंदू समाज की एकजुटता पर बल देते हुए अन्य धर्मों की तुलना में हिंदू जनसंख्या में हो रही गिरावट पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और संस्कार के माध्यम से समाज को संगठित करना समय की आवश्यकता है, ताकि सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रह सके।

सम्मेलन में उपस्थित संतों ने अपने प्रवचनों में धर्म के व्यापक अर्थ को स्पष्ट करते हुए कहा कि धर्म केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पद्धति है। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान धर्म एवं सामाजिक जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। बच्चों एवं युवाओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य-नाटिका और समूहगान प्रस्तुत कर वातावरण को भावविभोर कर दिया। आयोजन स्थल पर सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।