तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री की होगी राजनीति में एंट्री, इस हलचल से बिहार में बढ़ा राजनीति का पारा

  • Post By Admin on Mar 02 2026
तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री की होगी राजनीति में एंट्री, इस हलचल से बिहार में बढ़ा राजनीति का पारा

पटना: बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। 26 फरवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 16 मार्च को मतदान होना है। विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के आधार पर सत्तारूढ़ एनडीए चार सीटों पर मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है, जबकि पांचवीं सीट को लेकर राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं।

राजद सूत्रों के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इस बार खुद राज्यसभा का रुख कर सकते हैं। संकेत हैं कि वे राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में हैं। इसी संदर्भ में राजद के पार्लियामेंट्री बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई । बैठक में संगठनात्मक मसलों के साथ-साथ राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। विधानसभा के गणित पर नजर डालें तो राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए 41 विधायकों के समर्थन की जरूरत है। राजद के पास फिलहाल 25 विधायक हैं। हालांकि कांग्रेस के 6, वाम दलों के 4 और एक अन्य सहयोगी विधायक को जोड़ने पर आंकड़ा 36 तक पहुंचता है। यदि एआईएमआईएम और बसपा के कुल 6 विधायकों का समर्थन भी मिल जाता है, तो यह संख्या 42 हो सकती है, जो जीत के लिए पर्याप्त मानी जाएगी। ऐसे में विपक्षी एकजुटता निर्णायक साबित हो सकती है।

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि यदि तेजस्वी यादव राज्यसभा के लिए चुने जाते हैं, तो राघोपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा। ऐसी स्थिति में उनकी पत्नी राजश्री को उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव जीतने पर उन्हें विधानसभा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। राज्यसभा चुनाव के बहाने बिहार की राजनीति में नई हलचल दिखाई दे रही है। अब सबकी नजरें राजद की अगली बैठक और आगामी रणनीतिक फैसलों पर टिकी हैं।