आरडीएस कॉलेज में दिवाली फेस्ट की धूम, रंगोली से लेकर फूड स्टॉल तक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
- Post By Admin on Nov 04 2026
मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय में बुधवार को सांस्कृतिक इकाई ‘विरासत’ की ओर से दिवाली फेस्ट का आयोजन किया गया। दीपावली के उत्सवी माहौल के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगोली, कला, खानपान और मनोरंजक खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
फेस्ट में विद्यार्थियों की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न गतिविधियों की जिम्मेदारी संभाली। अभिषेक, शिवानी, स्वर्णिका और सलोनी की टीम ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं। वहीं, आर्ट कॉर्नर में यश और पुष्कर ने अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन किया। प्रतीक, स्पर्श, राजवीर, स्नेहा, पुरुषोत्तम, अनुष्का, शताक्षी, अनिशा और शाहीन सबा सहित अन्य विद्यार्थियों की टीम ने फूड स्टॉल लगाए। पीयूष राज, श्रवणी, पायल और प्रिंस की टीम ने गेमिंग जोन का संचालन किया।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने कहा कि दिवाली फेस्ट विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का मंच है। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और उनके व्यक्तित्व का विकास होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महाविद्यालय में उत्साह, उमंग और सकारात्मक वातावरण तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम संयोजक डॉ. आरती कुमारी ने बताया कि फेस्ट में कुल आठ फूड स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें भारतीय व्यंजनों की विशेष धूम रही। दही बड़े और काला जामुन का लोगों ने खूब आनंद लिया, जबकि गोलगप्पे के स्टॉल पर विद्यार्थियों की सबसे अधिक भीड़ रही। लिट्टी-चोखा और अंकुरित मूंग-चने से तैयार झालमुड़ी भी लोगों को खूब पसंद आई। इसके अलावा आंवले का मुरब्बा, मोमोज, चाट, चाय और कोल्ड ड्रिंक के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
गेमिंग जोन में ट्रुथ एंड डेयर, हिट द कप्स और शो योर टैलेंट जैसे मनोरंजक खेलों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। वहीं, मीडिया और सजावट की जिम्मेदारी छात्र स्पर्श, पुष्कर, वैभव और आर्यन अवस्थी ने संभाली। आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापक रमेश गुप्ता, एमएन रिजवी, रजनीकांत पांडे, पंकज तिवारी, आलोक त्रिपाठी, आयशा जमाल, अनुराधा पाठक, राजेश, डेजी, भगवान और अमर ज्योति सहित अन्य शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।