एलएस कॉलेज में एनसीसी रैंक सेरेमनी, नौ कैडेटों को मिला नेतृत्व का नया दायित्व
- Post By Admin on Nov 05 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज की एनसीसी इकाई की ओर से रैंक सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस दौरान 32 बिहार बटालियन एनसीसी से संबद्ध नौ कैडेट को उनके प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न रैंक प्रदान किए गए। रैंक प्रदान करने से पहले कैडेटों की दक्षता परखने के लिए कई प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया।
एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में और सीनियर अंडर ऑफिसर आशुतोष राज के सहयोग से ड्रिल टेस्ट, मैप रीडिंग, दूरी का आकलन तथा कंपास के प्रयोग से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। इन प्रतिस्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने रैंक प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर आस्था कुमारी और राजकुमार को सार्जेंट का रैंक दिया गया। वहीं, रिया कुमारी, आदित्य कुमारी, आकांक्षा कुमारी, अभिषेक कुमार और आदित्य कुमार को लांस कॉरपोरल बनाया गया। शुभम कुमार और अपर्णा कुमारी को कॉरपोरल का रैंक प्रदान किया गया।
प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने सभी चयनित कैडेटों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास की भावना मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। रैंक के साथ कैडेटों पर जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं, जिन्हें उन्हें पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए। कार्यक्रम में 32 बिहार बटालियन के नायब सूबेदार नरेश कुमार, अंडर ऑफिसर फखरुद्दीन, सृष्टि, नमृता सुधीर, सार्जेंट ज्योतिलाल, कोमल प्रिया सहित कॉलेज के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।