शारीरिक शिक्षा परीक्षा में छात्रों ने दिखाया उत्साह, विद्यालय प्रबंधन का खेल प्रतिभा निखारने पर जोर

  • Post By Admin on Mar 22 2025
शारीरिक शिक्षा परीक्षा में छात्रों ने दिखाया उत्साह, विद्यालय प्रबंधन का खेल प्रतिभा निखारने पर जोर

मुजफ्फरपुर : संत जोसेफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल पानापुर में Final Term Exam-2025 के तहत शारीरिक स्वास्थ्य शिक्षा परीक्षा का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। 10 मार्च 2025 से प्रारंभ हुई इस परीक्षा में कक्षा I से IX के छात्र-छात्राओं की शारीरिक दक्षता का आकलन किया गया।  

परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की लंबाई, वजन, दौड़ने की क्षमता, लंबी कूद और ऊर्ध्वाधर छलांग जैसे विभिन्न मानकों पर जांच की गई। साथ ही उनकी खेलों में व्यक्तिगत रुचि जानने का प्रयास भी किया गया, ताकि आगामी सत्र 2025-26 में उनकी पसंद के अनुरूप खेल प्रशिक्षण दिया जा सके।  

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक श्री अविनाश कुमार के नेतृत्व में यह परीक्षा सुचारू रूप से संचालित हुई, जिसमें खेल शिक्षक सोनू कुमार और अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का भी सहयोग रहा।  

विद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार की शारीरिक शिक्षा परीक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती है। इससे बच्चों की शारीरिक क्षमता का आंकलन कर उन्हें उपयुक्त खेल गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जा सकता है। इसके साथ ही विद्यार्थी खेल को भी पढ़ाई की तरह गंभीरता से लेते हैं और बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करते हैं।  

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां न केवल बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाती हैं, बल्कि उनके मानसिक स्वास्थ्य में भी सुधार लाती हैं। इससे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुणों का भी विकास होता है, जो उनके भविष्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे।