नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग पर उतरे प्रशांत किशोर, बोले शारीरिक और मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं मुख्यमंत्री

  • Post By Admin on Mar 22 2025
नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग पर उतरे प्रशांत किशोर, बोले शारीरिक और मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं मुख्यमंत्री

समस्तीपुर : जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ बड़ा बयान देते हुए उनके इस्तीफे की मांग कर दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं और ऐसी स्थिति में उन्हें पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है।

समस्तीपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से नीतीश कुमार के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठते रहे हैं। जन सुराज और मैं स्वयं पिछले दो महीने से लगातार यह मांग कर रहे हैं कि सरकार को नीतीश कुमार के स्वास्थ्य की जांच करानी चाहिए और इस पर आधिकारिक बयान जारी करना चाहिए। PK ने कहा, "जब बीपीएससी आंदोलन अपने चरम पर था, तब मुझे यह जानकारी मिली कि मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि वे मुद्दों को ठीक से समझ नहीं पा रहे हैं। उन्हें यह तक नहीं पता चल पा रहा है कि उनके ही राज्य में क्या हो रहा है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि बिहार की बागडोर अब एक ऐसे व्यक्ति के हाथों में है, जो शारीरिक रूप से थक चुके हैं और मानसिक रूप से बीमार हैं।"

प्रशांत किशोर ने भाजपा पर भी हमला बोला और कहा, "भाजपा को नीतीश कुमार की हालत का पूरा अंदाजा है, लेकिन दिल्ली में सरकार चलाने के लिए वह बिहार की जनता के साथ अन्याय कर रही है। बिहार के हित में नीतीश कुमार को तत्काल मुख्यमंत्री पद छोड़ देना चाहिए।"

महागठबंधन पर भी कसा तंज

महागठबंधन की स्थिति पर सवाल पूछे जाने पर प्रशांत किशोर ने कहा, "पहले यह तय हो जाए कि महागठबंधन में कौन-कौन हैं। राजद तो है, लेकिन कांग्रेस का क्या होगा, ये अब तक साफ नहीं है। कांग्रेस पार्टी खुद असमंजस में है। अभी कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपना प्रदेश अध्यक्ष बदला है। ऐसे में साफ है कि चुनाव तक महागठबंधन में खींचतान चलती रहेगी। कांग्रेस रहेगी या जाएगी, यह कहना मुश्किल है।" PK के इस बयान ने बिहार की सियासत में हलचल तेज कर दी है। नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर उठे सवाल अब सियासी बहस का बड़ा मुद्दा बनते दिख रहे हैं।