बीआरएबीयू इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग को नया नेतृत्व, प्रो. रंजना कुमारी को सौंपी गई कमान

  • Post By Admin on Jul 31 2026
बीआरएबीयू इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग को नया नेतृत्व, प्रो. रंजना कुमारी को सौंपी गई कमान

मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) प्रशासन ने इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय की विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता (डीन) प्रो. रंजना कुमारी को विश्वविद्यालय इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष के दायित्वों एवं कार्यों के निर्वहन के लिए अधिकृत किया गया है।

कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र राय की स्वीकृति के बाद जारी अधिसूचना के अनुसार प्रो. रंजना कुमारी तत्काल प्रभाव से इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगी। यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि प्रो. रंजना कुमारी अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का भी संचालन करेंगी।

इस संबंध में अधिसूचना की प्रतिलिपि विश्वविद्यालय के सभी डीन, स्नातकोत्तर विभागाध्यक्षों, अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्यों, विश्वविद्यालय अधिकारियों तथा संबंधित विभागों को भेज दी गई है। साथ ही राजभवन सचिवालय, शिक्षा विभाग और उच्च शिक्षा निदेशालय को भी इसकी सूचना प्रेषित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि प्रो. रंजना कुमारी के नेतृत्व में इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलेगी तथा विभागीय गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित होगा।