इंजीनियर के ठिकानों पर करोड़ों की संपत्ति, छापेमारी में मिला 75 लाख का सोना, दो फ्लैट
- Post By Admin on Jul 31 2026
पटना: बिहार लघु जल संसाधन विभाग के सासाराम में तैनात कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की छापेमारी में कथित आय से अधिक संपत्ति का बड़ा खुलासा हुआ है। गुरुवार को पटना, मुजफ्फरपुर, सासाराम और बांका स्थित उनके छह ठिकानों पर की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में सोना, नकदी, जमीन के दस्तावेज और निवेश से जुड़े कागजात बरामद किए गए।
जांच के दौरान अधिकारियों को करीब 75 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, दानापुर की एक पॉश अपार्टमेंट कॉलोनी में स्थित दो फ्लैट, नकदी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। बताया गया कि फ्लैटों की साज-सज्जा पर भी लाखों रुपये खर्च किए गए हैं। आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, अरविंद कुमार चौधरी ने लगभग 12 वर्षों की सरकारी सेवा के दौरान करोड़ों रुपये की चल और अचल संपत्ति अर्जित की है। हालांकि, बरामद संपत्तियों का वास्तविक मूल्य और उनके स्रोत का पता लगाने के लिए दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बरामद नकदी, आभूषण और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। सभी संपत्तियों का मूल्यांकन कर आय के ज्ञात स्रोतों से उनका मिलान किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये की संपत्ति होने की आशंका जताई गई है। जांच एजेंसी का कहना है कि यदि जांच में आय से अधिक संपत्ति और अन्य अनियमितताओं की पुष्टि होती है, तो संबंधित अभियंता के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।