माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल में छात्र परिषद चुनाव संपन्न, ई-वोटिंग से चुने गए छात्र नेता
- Post By Admin on Apr 27 2026
लखीसराय : माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल में छात्र नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित छात्र परिषद (स्टूडेंट काउंसिल) चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कक्षा 3 और उससे ऊपर के सभी छात्रों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस बार चुनाव की खास बात यह रही कि पहली बार ई-वोटिंग प्रणाली का उपयोग किया गया, जिससे छात्रों को डिजिटल तकनीक और मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी मिली। इस पहल के जरिए छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया के तहत हेड बॉय, हेड गर्ल, असिस्टेंट हेड बॉय और असिस्टेंट हेड गर्ल पदों के लिए उम्मीदवारों ने प्रार्थना सभा में अपना नामांकन प्रस्तुत किया। सभी प्रत्याशियों ने अपने विचार और योजनाएं साथियों के सामने रखीं और उन्हें प्रचार के लिए समय भी दिया गया, जिससे चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी रहा।
मतदान के दिन छात्रों ने अनुशासन के साथ भाग लिया। पहले उपस्थिति दर्ज कराई गई और फिर ई-वोटिंग के माध्यम से मतदान किया गया। पूरी प्रक्रिया में शिक्षकों ने मार्गदर्शन करते हुए व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।
परिणाम की घोषणा प्रार्थना सभा में की गई। हेड बॉय के रूप में साहिल राज, हेड गर्ल के रूप में माही भारती, असिस्टेंट हेड बॉय के रूप में कुमार सृजन और असिस्टेंट हेड गर्ल के रूप में आकृति भारती को विजेता घोषित किया गया। घोषणा अकादमिक कोऑर्डिनेटर आशीष गुप्ता ने की।
इसके बाद विजेताओं ने शिक्षक मनीष कुमार के मार्गदर्शन में शपथ ली और अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लिया। विद्यालय के चेयरमैन संजय कुमार स्नेही ने सभी विजेताओं को सैश पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें जिम्मेदार नेतृत्व के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन गरिमामय माहौल में हुआ। यह आयोजन छात्रों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक समझ को विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।