युवा शक्ति पर फोकस: प्रशांत किशोर की मौजूदगी में जनसुराज ने बनाई नई रणनीति

  • Post By Admin on Apr 27 2026
युवा शक्ति पर फोकस: प्रशांत किशोर की मौजूदगी में जनसुराज ने बनाई नई रणनीति

पटना: जनसुराज पार्टी ने संगठन को धार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश स्तरीय युवा प्रकोष्ठ की बैठक में पार्टी नेतृत्व ने युवाओं को केंद्र में रखकर आगामी रणनीति पर मंथन किया और संगठन विस्तार पर जोर दिया।

बैठक में युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र बोस, महासचिव सुगंध ठाकुर सहित सभी प्रदेश स्तरीय सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान जनसुराज के प्रणेता प्रशांत किशोर और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने भी भाग लेकर युवाओं को दिशा देने का काम किया। बैठक में मुख्य रूप से संगठन को मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और आने वाले समय में जमीनी स्तर पर सक्रियता तेज करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिया कि पार्टी अब युवा शक्ति के सहारे अपने राजनीतिक अभियान को और तेज करेगी।

महासचिव सुगंध ठाकुर ने बैठक के बाद कहा कि उन्होंने प्रशांत किशोर और मनोज भारती के विचारों को गंभीरता से सुना और उनसे सहमति जताई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पार्टी की नई रणनीति बिहार के विभिन्न जिलों में धरातल पर नजर आएगी। इस बैठक के बाद यह साफ हो गया है कि जनसुराज पार्टी आने वाले दिनों में युवाओं के जरिए अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ने वाली है।