मलेरिया के खिलाफ पहल, सदर अस्पताल में प्रतियोगिताओं से बढ़ाई जागरूकता
- Post By Admin on Apr 22 2026
लखीसराय : विश्व मलेरिया दिवस (25 अप्रैल) के अवसर पर जिले में जागरूकता बढ़ाने को लेकर सदर अस्पताल के सभागार में जीएनएम एवं पैरामेडिकल स्टाफ के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय को मलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करना है।
जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी सह उपाधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि विश्व मलेरिया दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य इस बीमारी के नियंत्रण और उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता बढ़ाना है, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि मलेरिया प्लाज्मोडियम परजीवी के कारण होता है, जो संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। ये मच्छर आमतौर पर रात या सुबह-शाम के समय सक्रिय रहते हैं, जिससे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान पेंटिंग, लेखन और क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान “मलेरिया मुक्त जिला हो हमारा”, “मच्छरदानी लगाओ, मलेरिया भगाओ” जैसे संदेशों पर विशेष जोर दिया गया।
जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार नरेंद्र कुमार ने बताया कि मलेरिया एक गंभीर बुखार है, जिसमें 103 से 105 डिग्री तक तेज बुखार, ठंड लगना और पसीना आना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। गंभीर स्थिति में फेल्सीपेरम मलेरिया से खून की कमी, दिमाग पर असर, फेफड़ों में सूजन, पीलिया और गुर्दे की समस्या हो सकती है।
इस अवसर पर वेक्टर जनित रोग पर्यवेक्षक बिनोद कुमार चौबे, दिलीप कुमार मालाकार, पिरामल के प्रतिनिधि राहुल कुमार एवं लतिका कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से मलेरिया मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।