आर. बी. बी. एम. कॉलेज में गुरु पूर्णिमा पर गुरु का सम्मान सह शिष्य कल्याण कार्यक्रम का आयोजन

  • Post By Admin on Jul 21 2024
आर. बी. बी. एम. कॉलेज में गुरु पूर्णिमा पर गुरु का सम्मान सह शिष्य कल्याण कार्यक्रम का आयोजन

मुजफ्फरपुर: आर. बी. बी. एम. कॉलेज में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 'गुरु का सम्मान सह शिष्य कल्याण' विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरीय शिक्षक डॉ. रामेश्वर राय ने कहा कि मूल्यों के क्षरण के इस वर्तमान युग में चरित्र निर्माण और मूल्यपरक व्यक्तित्व निर्माण में प्राचीन गुरु-शिष्य परंपरा अत्यंत सहायक है।

दर्शनशास्त्र की शिक्षिका डॉ. रेणुबाला ने भारतीय ज्ञान परंपरा में गुरु-शिष्य संबंध की महत्ता को रेखांकित करते हुए बताया कि यह संबंध ज्ञान परंपरा के संवाहक होते थे। कालांतर में यह संबंध क्षीण हो गया जिससे हम अपनी ज्ञान परंपरा से दूर होते चले गए। यदि हमें अपनी ज्ञान परंपरा से पुनः जुड़ना है तो गुरु-शिष्य संबंध को पुनर्स्थापित करना होगा।

कार्यक्रम में विषय प्रवेश और संचालन डॉ. अशोक कुमार निगम ने किया। इस दौरान डॉ. रेशमा सिंह, डॉ. हेमा कुमारी, डॉ. नीलू, डॉ. पूजा शेखर और डॉ. विनीता रानी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में उपेंद्र कुमार, जयचंद ठाकुर और राकेश कुमार उपस्थित रहे।

छात्राओं ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को पौधा देकर सम्मानित किया और उनके प्रति अपनी श्रद्धा निवेदित की। छात्राओं को उपहारस्वरूप लेखनी प्रदान की गई। कार्यक्रम में कोमल कुमारी, स्मृति, सरवानी, मुस्कान, निखत, रक्षा, खुशबू सहित 50 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया।